Back to News

छत्तीसगढ़ में फिर से होगी ठंड की वापसी, ठंडी हवाओं का दिखेगा असर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ में फिर से होगी ठंड की वापसी, ठंडी हवाओं का दिखेगा असर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर 30 जनवरी 2026 - छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के उत्तरी जिलों में ठंड की वापसी होने जा रही है। खासतौर पर सरगुजा संभाग और उससे सटे इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन दिनों के भीतर इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी और सुबह-शाम ठंड का असर और तेज महसूस किया जाएगा।

सरगुजा संभाग के अलावा कोरिया, जशपुर और बलरामपुर जैसे जिलों में भी ठंड का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। इन इलाकों में रातें ज्यादा ठंडी हो सकती हैं, वहीं सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंडी हवा के प्रभाव के चलते तापमान में यह गिरावट देखने को मिलेगी।

दूसरी ओर, राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम स्थिर बना रहेगा। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। इन क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है, जबकि रात के समय हल्की ठंड बनी रहेगी।