प्रयागराज 16 अप्रैल 2026 - उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बुधवार को कालका मेल से उतर कर पटरी पर खड़े यात्री तेज रफ्तार से गुजर रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इस घटना में पांच लोगों की मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जीआरपी के पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि कालका मेल में एक व्यक्ति के कटने के बाद कई यात्री ट्रैक पर उतर आए थे। इसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। इस हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई हैं। उन्होंने कहा कि तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है और बाकी की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर उस समय हुई, जब कालका मेल में एक यात्री के गिरने के बाद चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया गया। ट्रेन रुकते ही कुछ यात्री नीचे उतर गए और विपरीत ट्रैक में चल रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस वहां से गुजरी और पटरी के पास मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी, करछना थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।